मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नि:शुल्क कोचिंग सेंटर संचालन जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
By Shubh Bhaskar ·
13 Feb 2026 ·
11 views
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नि:शुल्क कोचिंग सेंटर संचालन
जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
सुनील कुमार मिश्रा बद्री दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का औचक निरीक्षण किया। यह केन्द्र के जीआईसी परिसर में संचालित है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर, प्रतिभावान और मेहनती छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इस दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं का अवलोकन किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पढ़ाए जा रहे विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर छात्रों की तैयारी और शिक्षण की गुणवत्ता का आकलन किया। साथ ही विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर कठिन परिश्रम के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर स्वयं भी कक्षाएं लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कोचिंग सेंटर के केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुसार अध्यापकवार समय-सारिणी तैयार कर प्रस्तुत करें। साथ ही जरूरत पडऩे पर कुछ जिला स्तरीय अधिकारियों को भी कोचिंग में कक्षाएं लेने के लिए लगाए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने अध्यापन कर रहे शिक्षकों से भी संवाद किया और ऑनलाइन माध्यम से तैयारी की प्रक्रिया को बच्चों के समक्ष स्पष्ट रूप से समझाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त डीआईओएस एवं जीआईसी प्रधानाचार्य को भी कोचिंग सेंटर की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान एडीएम, एसडीएम व डीआईओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।