ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

दबंगई का तांडव: बुज़ुर्ग किसान की ज़मीन पर जबरन कब्जे की कोशिश, मारपीट और जान से मारने की धमकी

By Shubh Bhaskar · 12 Feb 2026 · 19 views
दबंगई का तांडव: बुज़ुर्ग किसान की ज़मीन पर जबरन कब्जे की कोशिश, मारपीट और जान से मारने की धमकी

पेड़ काटने से रोका तो दबंगों ने खेत में खोद दी नींव, पुलिस से गुहार
ललितपुर।
जनपद ललितपुर के थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेरा में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बुज़ुर्ग किसान की काबिज-दखील कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने, पेड़ काटने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तेरा निवासी गनेश पुत्र हल्कू आराजी संख्या 311/3 व 403, रकबा लगभग 2 एकड़ भूमि के वर्षों से काश्तकार व कब्जाधारी हैं। पीड़ित का आरोप है कि 18 जनवरी 2026 को दिन में करीब 11 बजे, जब वह अपने खेत पर मौजूद थे, तभी गांव का ही सूरज सिंह पुत्र पूरन सिंह तीन मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचा और मेड़ के पास खड़े पेड़ों को काटने लगा।
पीड़ित किसान द्वारा विरोध किए जाने पर दबंगों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि खेत में नींव खुदवाकर मकान निर्माण की कोशिश शुरू कर दी। आरोप है कि रोकने पर बुज़ुर्ग किसान के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि सूरज सिंह क्षेत्र का कुख्यात दबंग है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वृद्ध अवस्था के कारण वह स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है और उसकी भूमि पर जबरिया कब्जे का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित गनेश ने पुलिस अधीक्षक ललितपुर से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा उसकी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को रोका जाए।
यह मामला न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि ग्रामीण इलाकों में आज भी दबंग किस तरह गरीब और बुज़ुर्ग किसानों को निशाना बना रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube