योगी सरकार पर गौ संरक्षण को लेकर सवाल,। मथुरा में गौवंश की स्थिति पर जताई नाराजगी।
By Shubh Bhaskar ·
10 Feb 2026 ·
39 views
योगी सरकार पर गौ संरक्षण को लेकर सवाल,।
मथुरा में गौवंश की स्थिति पर जताई नाराजगी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- मथुरा- ब्रज धाम, जिसे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की नगरी के रूप में जाना जाता है, वहां गौवंश की स्थिति को लेकर कुछ संगठनों और कार्यकर्ताओं ने चिंता व्यक्त की है। ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर गौवंश की देखरेख सही तरीके से नहीं हो पा रही है, जिसके चलते गौ माताओं के बीमार और मृत होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
संगठन के उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री मेजर ब्रजवीर सिंह चौधरी ने फरह ब्लॉक क्षेत्र के झुडावई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ संवर्धन केंद्र का निरीक्षण करने का दावा किया है। उनका कहना है कि निरीक्षण के दौरान वहां गौवंश की हालत गंभीर मिली तथा उचित चिकित्सा और भोजन की व्यवस्था नहीं दिखाई दी। उन्होंने इस स्थिति के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गौशालाओं के संचालन और गौ संरक्षण के नाम पर योजनाएं तो बनाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस मामले में संज्ञान लेने और गौशालाओं की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है।
संगठन ने यह भी कहा कि गौ संरक्षण के लिए कार्य करने वाले कई लोगों पर कार्यवाही किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच कराए जाने की आवश्यकता है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों या संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौ संरक्षण से जुड़े संगठनों ने मांग की है कि प्रदेश में संचालित सरकारी गौशालाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, बीमार गौवंश के उपचार की उचित व्यवस्था हो तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।