ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

दुकान से बुजुर्ग को घसीटकर बेरहमी से मारपीट, 20 हजार रुपये लूटे!

By Shubh Bhaskar · 18 Feb 2026 · 5 views
दुकान से बुजुर्ग को घसीटकर बेरहमी से मारपीट, 20 हजार रुपये लूटे!

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के खेड़ली सैय्यद गांव में सोमवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। कार सवार पांच बदमाशों ने एक बुजुर्ग दुकानदार को दुकान से बाहर घसीटकर लाठियों से बेरहमी से मारपीट की और जाते-जाते दुकान के गल्ले से करीब 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय बुजुर्ग दुकानदार अपनी दुकान पर अकेले मौजूद थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर आए पांच युवक दुकान के बाहर रुके। कार से नीचे उतरते ही तीन युवक अचानक दुकान के भीतर घुस गए। उन्होंने बुजुर्ग का कॉलर पकड़कर उन्हें जबरन दुकान से बाहर सड़क पर घसीट लिया।
बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से लाठियों से उनके सिर पर वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मारपीट के बाद आरोपी दुकान के गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये निकालकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल बुजुर्ग को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube