ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

By Shubh Bhaskar · 23 Jan 2026 · 8 views
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से अनाथ बच्चों को लाभान्वित कराने के दिए निर्देश


दैनिक शुभ भास्कर नीरज प्रजापति उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड उरई जालौन
जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी जिला कलेक्टर राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को प्रातः 10 बजे अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनी गईं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
इस जनसुनवाई में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर शिकायतों की वस्तुस्थिति जानी और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। शेष लंबित मामलों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई के दौरान रामपुर विकास क्षेत्र से एक अत्यंत मार्मिक प्रकरण सामने आया, जिसमें एक वृद्धा अपने पोते-पोतियों को लेकर उपस्थित हुईं। फरियादिया ने बताया कि उसके पुत्र, बहू एवं पति का निधन हो चुका है और वह अकेली रहकर अपने बहू के तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई और जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जिला प्रोबेशन अधिकारी को बुलाकर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत बच्चों को लाभान्वित करने की औपचारिक कार्यवाही मौके पर ही कराई। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को बच्चों की शिक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई से फरियादिया को बड़ी राहत मिली।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में विद्युत, पेंशन, राजस्व, आवास, पारिवारिक विवाद, शादी अनुदान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई को मात्र औपचारिकता न मानते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे जनसुनवाई अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए, इस दौरान कोई अन्य बैठक निर्धारित न की जाए तथा सभी अधिकारी एवं अधीनस्थ कर्मचारी समय से उपस्थित रहें।
जनसुनवाई में प्रशासन की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण को लेकर फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube