कर्नलगंज में कंबल वितरण कार्यक्रम में अफरा-तफरी: भीड़ बेकाबू,मची लूट
सुनील कुमार मिश्रा दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश कर्नलगंज, गोण्डा। तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कंबल वितरण कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वितरण शुरू होते ही भीड़ बेकाबू हो गई। हालात ऐसे बन गए कि कंबल लूट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह की उपस्थिति में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाने थे। यह कार्यक्रम मैजापुर मिल द्वारा आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि कंबल पाने के लिए लोग करीब दो घंटे से इंतजार कर रहे थे, लेकिन जैसे ही वितरण की औपचारिक शुरुआत हुई, भीड़ का धैर्य जवाब दे गया। भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी, जिससे व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। लोग कंबल पाने के लिए एक-दूसरे पर टूट पड़े। स्थिति को संभालने में मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के भी पसीने छूट गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार्यक्रम की अव्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले से बेहतर इंतजाम और लाइन व्यवस्था होती, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। प्रशासन की ओर से मामले की समीक्षा किए जाने और भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है
।
?si=D-tCPpIL2D0E0HYv