प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य जी के साथ दुर्व्यवहार निंदनीय – *पंडित चतुर्वेदी*
By Shubh Bhaskar ·
19 Jan 2026 ·
50 views
प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य जी के साथ दुर्व्यवहार निंदनीय – *पंडित चतुर्वेदी*
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- प्रयागराज- प्रयागराज मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर माघ मेले में स्नान के लिए पहुंचे बद्रिकाश्रम के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी सरस्वती महाराज के साथ मेला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए दुर्व्यवहार को लेकर देशभर में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना में शंकराचार्य जी के शिष्यों के साथ मारपीट किए जाने तथा कई शिष्यों को पुलिस हिरासत में लिए जाने को अत्यंत निंदनीय बताया गया है।
अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र चतुर्वेदी (उज्जैन), डॉ. उपेंद्रनाथ त्रिपाठी (वाराणसी), राष्ट्रीय राजनीतिक संयोजक इंजीनियर आशुतोष कुमार झा (पटना, बिहार), राष्ट्रीय संगठन सुरेश मूले (महाराष्ट्र) एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री नानक चंद शर्मा (हापुड़, उत्तर प्रदेश), राजस्थान से राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.सुरेश चंद शर्मा,बाबा त्रिलोक तिवाडी, शिवसेना राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर उत्तर प्रदेश माघ मेला प्रशासन एवं योगी सरकार के पुलिस अधिकारियों की तीव्र निंदा की है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संवाहक शंकराचार्य जैसे महान संत के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
साथ ही वक्तव्य में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को इस पूरे प्रकरण पर खेद व्यक्त करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, ताकि सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अखिल भारतीय समन्वय समिति के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा को यह जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी द्वारा दी गई।