अलवर में पत्रकार महासंघ के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, सार्थक हुई बैठक।
By Shubh Bhaskar ·
18 Jan 2026 ·
27 views
अलवर में पत्रकार महासंघ के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, सार्थक हुई बैठक।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- रविवार, 18 जनवरी को जिले में पत्रकार हितों को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल की गई। मोती डूंगरी स्थित वसुंधरा कॉलेज परिसर में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकार महासंघ के गठन पर सहमति जताई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और भविष्य को लेकर एक सशक्त एवं प्रभावी संगठन की नींव रखना रहा।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व पत्रकार संगठन अध्यक्ष मुकेश बवालिया का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने संगठन की आवश्यकता, उद्देश्य और भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पत्रकारों की एकता को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उनके अनुभवों और विचारों से उपस्थित पत्रकारों को नई दिशा और प्रेरणा मिली।
बैठक के दौरान सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से बीमा सुविधा, मानदेय व्यवस्था,कार्यस्थल सुरक्षा,पत्रकारिता की वर्तमान दशा-दिशा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर एवं सकारात्मक चर्चा की। साथ ही पत्रकारों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान को लेकर भी ठोस सुझाव सामने आए, जिन पर संगठन स्तर पर आगे कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक का माहौल पूरी तरह सकारात्मक और सहयोगपूर्ण रहा। सभी उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस क्रम में आगामी रविवार, 25 जनवरी को एक बड़ी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें पत्रकार महासंघ का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) किया जाएगा तथा कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
यह पहल न केवल पत्रकारों के हितों की रक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि अलवर जिले में पत्रकारिता को नई मजबूती और सम्मान दिलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बैठक में पत्रकार स्वदेश कपिल, विकास कुमार,मनोज बेनीवाल, पीयूष उपाध्याय,आशीष गौड, राजेश गुप्ता,भारत प्रधान,संदीप यादव,पीयूष पाठक,लक्ष्य खत्री, शिवचरण,युवराज,रुपेश शर्मा, मनीष बावलिया,नितेश शर्मा, पवन छाबड़ा,चंद्रमोहन (चोटी), प्रदीप सरदार,रमेश शर्मा,अशोक सोनी,मनीष अरोड़ा,नागपाल शर्मा सहित कई अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।