गांव व कस्बों के मंदिरों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मकर संक्रांति पर्व।
By Shubh Bhaskar ·
15 Jan 2026 ·
13 views
गांव व कस्बों के मंदिरों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मकर संक्रांति पर्व।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवो व कस्बों में मकर संक्रांति पर्व देर रात तक बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। बच्चों ने कांच की गोलियां, सतोलिया, पकड़म पकड़ाई आदि खेल खेले, बच्चों व बडो ने देर शाम तक पतंगे उड़ाई और मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। राजगढ़ कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर, गोविंद देव जी मंदिर सहित गांव व कस्बों के मंदिरों में मकर संक्रांति का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्री जगन्नाथ, खाटू श्याम बाबा एवं गोविंद देव जी महाराज,बावन देव जी महाराज,नंगेंश्वर धाम, दाऊजी, बाराही माता सहित अनेक मंदिर में भगवान के दर्शन कर धर्म लाभ कमाया।
श्री जगन्नाथ मंदिर के महंत पूर्ण दास एवं पंडित मदन मोहन शास्त्री ने बताया कि सूर्य के उत्तरायण होकर मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में खिचड़ी, गुड़, तिल के लड्डू सहित अन्य वस्तुओं का दान किया। गौ शाला में गौमाता को गुड़ व हरा चारा खिलाकर धर्म लाभ लिया। गौशाला धर्म का कार्य दो दिवसीय तक रहा। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर पुण्य लाभ कमाया। पंडित मदन मोहन शास्त्री ने बताया कि
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को गंगा में मोक्ष की प्राप्ति हुई थी तथा भीष्म पितामह ने भी आज के दिन ही देह त्याग कर मोक्ष प्राप्त किया था। साथ ही इसे देवताओं का प्रथम दिवस भी माना जाता है। इस दिन पवित्र नदियों व तीर्थ स्थलों पर स्नान, सूर्य को अर्घ्य देने एवं पुण्य कार्यों का विशेष महत्व बताया गया।
इस वर्ष मकर संक्रांति पर एकादशी तिथि का भी संयोग बना, जिसके चलते अनेक श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत रखा और धर्म-पुण्य के कार्य किए। पर्व 14 व 15 जनवरी दोनों दिन श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया।
इस मौके पर मंदिर महंत पूर्ण दास, पंडित मदन मोहन शास्त्री, पंडित रोहित शर्मा, गायत्री देवी, मुकुल बढ़ाया, महेंद्र प्रसाद तिवारी (एडवोकेट), कन्हैयालाल लखेरा,हरिओम गुप्ता,शुभम शर्मा,मयूर खंडेलवाल,एडवोकेट पुनीत शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।