आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर कसा शिकंजा, तैयार किया ‘सिटीजन एप’। क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी शराब की गुणवत्ता व असलियत की जानकारी।
By Shubh Bhaskar ·
13 Jan 2026 ·
11 views
आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर कसा शिकंजा, तैयार किया ‘सिटीजन एप’।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी शराब की गुणवत्ता व असलियत की जानकारी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर-
अवैध एवं नकली शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को जहरीली शराब से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा ‘सिटीजन एप’ तैयार किया गया है। इस एप के माध्यम से अब उपभोक्ता शराब की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के क्यूआर कोड को स्कैन कर तुरंत यह जान सकेंगे कि शराब असली है या नकली।
जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन ने बताया कि अनाधिकृत एवं संदिग्ध स्रोतों से खरीदी गई शराब उपभोक्ताओं के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा यह एप विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह एप गूगल प्ले स्टोर से मोबाइल में आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
एप के माध्यम से शराब की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के क्यूआर कोड को स्कैन करने अथवा क्यूआर नंबर दर्ज करने पर संबंधित शराब ब्रांड की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। इसमें शराब का नाम, एमआरपी, पैकिंग साइज, बैच नंबर, उत्पादन की तिथि तथा निर्माता कंपनी का नाम जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी।
इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं अधिकृत शराब की पहचान करने में मदद मिलेगी, बल्कि अवैध शराब कारोबार पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। आबकारी विभाग की यह डिजिटल पहल आमजन की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।