ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

आईटीआई कॉलेज खो दरीबा के लिए जमीन आवंटन की मांग, एडीएम प्रथम को सौंपा ज्ञापन।

By Shubh Bhaskar · 13 Jan 2026 · 20 views
आईटीआई कॉलेज खो दरीबा के लिए जमीन आवंटन की मांग, एडीएम प्रथम को सौंपा ज्ञापन।

एक जनवरी को एसडीएम को दिया था ज्ञापन, अब तक नहीं हुई कार्रवाई।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- खो दरीबा में स्वीकृत आईटीआई कॉलेज के लिए जमीन आवंटित कराने की मांग को लेकर नैहड़ा उत्थान एवं विकास मंच टहला–थानागाजी के उपाध्यक्ष रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम एडीएम प्रथम, अलवर को ज्ञापन सौंपा गया।
*रामस्वरूप मीणा* ने बताया कि राजस्थान सरकार के बजट वर्ष 2023-24 में थानागाजी विधानसभा क्षेत्र के खो दरीबा के लिए आईटीआई कॉलेज स्वीकृत किया गया था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक कॉलेज के लिए भूमि आवंटित नहीं की गई है। इस संबंध में ०1 जनवरी को राजगढ़ उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। साथ ही केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अलवर जिला प्रभारी कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि राजगढ़ उपखंड क्षेत्र में एक भी तकनीकी कॉलेज नहीं है। वर्षों की मांग के बाद खो दरीबा को आईटीआई कॉलेज मिला, लेकिन न तो भवन निर्माण शुरू हुआ और न ही जमीन आवंटित की गई। जबकि खो दरीबा में करीब 840 बीघा चारागाह भूमि, लगभग 200 बीघा सिवायचक भूमि तथा 40–50 बीघा दरीबा कॉपर प्रोजेक्ट की खाली जमीन उपलब्ध है। गांव के लोग प्रशासन को पूरा सहयोग देने को तैयार हैं, इसके बावजूद जमीन आवंटन नहीं किया जा रहा।
क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि आईटीआई कॉलेज को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है, जिससे आसपास के 30–40 गांवों के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सभी अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, फिर भी प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
रामस्वरूप मीणा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खो दरीबा में आईटीआई कॉलेज के लिए जमीन आवंटित नहीं की गई और कॉलेज को अन्यत्र ले जाने का प्रयास किया गया, तो क्षेत्रवासी अपने पशुओं व परिवार सहित बड़ा धरना-आंदोलन करेंगे। आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की जनहानि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपते समय हनुमान मीणा (सरपंच प्रतिनिधि टोडा जयसिंहपुरा), प्रकाश मीणा (बुधपुरा), विनोद मीणा (बुधपुरा), रामस्वरूप मीणा (खो दरीबा), लल्लूराम मीणा, बनाराम मीणा, राजेंद्र मीणा, कमलेश मीणा, नरेश मीणा, अजीत मीणा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
मीडिया को यह जानकारी प्रकाश भाबला दुब्बी द्वारा दी गई।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube