खाकी एक बार फिर हुई शर्मसार- जयपुर में मुहाना थाने का कांस्टेबल 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
By Shubh Bhaskar ·
25 Jul 2026 ·
8 views
खाकी एक बार फिर हुई शर्मसार- जयपुर में मुहाना थाने का कांस्टेबल 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्यवाही करते हुए जयपुर पुलिस आयुक्तालय के मुहाना थाना क्षेत्र में तैनात इमरजेंसी रिस्पॉन्स 112 के कांस्टेबल नोरत मीणा (कांस्टेबल संख्या 12148) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कांस्टेबल नोरत मीणा और कांस्टेबल सुरेश चौधरी (कांस्टेबल संख्या 10777) ने उसके पड़ोसी दुकानदार द्वारा की गई शिकायत के आधार पर एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज कराने की धमकी दी। साथ ही उसके खिलाफ कार्यवाही नहीं करने, मुहाना मंडी स्थित उसकी फल-सब्जी की दुकान का सामान नहीं उठाने तथा दुकान को बिना किसी बाधा के संचालित होने देने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्यवाही की। कार्यवाही के दौरान आरोपी कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।