ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

तुलसीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 119 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

By Shubh Bhaskar · 23 Jul 2026 · 19 views
तुलसीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 119 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न


84 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से लिए सात फेरे, 35 जोड़ों का मुस्लिम परंपरा से हुआ निकाह; जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

सम्वाददाता संतोष कुमार

बलरामपुर तुलसीपुर, 23 जुलाई।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तहसील तुलसीपुर स्थित एमडीएस मैरिज हाल के लॉन में आयोजित भव्य समारोह में 119 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में 84 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार तथा 35 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। समारोह में नवदंपतियों एवं उनके परिजनों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश नाथ शुक्ला रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक गैसड़ी शैलेश कुमार सिंह 'शैलू', ब्लॉक प्रमुख गैसड़ी, नोडल अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए, खंड विकास अधिकारी तुलसीपुर, गैसड़ी एवं पचपेड़वा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। यह योजना सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के साथ गरीब परिवारों के विवाह संबंधी आर्थिक बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़े मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर ₹1 लाख कर दी है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ₹64 हजार सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, ₹21 हजार की उपहार सामग्री नवदंपति को दी जाती है तथा ₹15 हजार विवाह समारोह के आयोजन एवं व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ समाज में समानता, सम्मान और सामाजिक सद्भाव को भी सुदृढ़ कर रही है। बड़ी संख्या में पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बेटियों के विवाह की आर्थिक चिंता से राहत पा रहे हैं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube