ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक।

By Shubh Bhaskar · 22 Jul 2026 · 15 views
गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- श्री प्यारेलाल गुप्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजगढ़ में राजगढ़ पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) देशराज कपिल ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों,साइबर सुरक्षा,सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस अधिकारियों के सुझावों को गंभीरता से सुना। डीएसपी देशराज कपिल ने कहा कि वर्तमान समय में लगभग प्रत्येक परिवार के पास दोपहिया एवं चारपहिया वाहन हैं,लेकिन यातायात नियमों की अनदेखी और जागरूकता के अभाव में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने वाहन चालकों से घर से निकलने से पहले वाहन की तकनीकी जांच करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति भी सचेत करते हुए कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन और इंटरनेट का गलत उपयोग बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर सकता है। विद्यार्थियों को अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने,फर्जी कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने तथा प्रतिबंधित या संदिग्ध मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण विषय बाल सुरक्षा रहा। डीएसपी ने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी सरल एवं संवेदनशील तरीके से दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न होती है, तो बच्चे बिना किसी डर या झिझक के तुरंत अपने माता-पिता,शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि समय पर दी गई सूचना किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने, कानून का सम्मान करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने इस जनजागरूकता कार्यक्रम के लिए राजगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा,अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube