जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में श्री अग्रवाल विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
By Shubh Bhaskar ·
21 Jul 2026 ·
21 views
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में श्री अग्रवाल विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- श्री अग्रवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, अलवर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए "ड्रग्स के दुष्प्रभाव एवं नशा मुक्ति" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के प्रति प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद न्यायालय संख्या-4, अलवर की न्यायिक अधिकारी सुश्री निकिता का प्रधानाचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया, जबकि विद्यालय की व्याख्याता श्रीमती अंकिता यादव ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
अपने प्रेरक संबोधन में न्यायिक अधिकारी सुश्री निकिता ने विद्यार्थियों को ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव,उनके कानूनी परिणाम,शारीरिक एवं मानसिक नुकसान तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों,परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने विषय को गंभीरता से सुना और नशा मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं सहित सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर प्रेरणा ली।
अंत में श्री अग्रवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय परिवार की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,अलवर एवं न्यायिक अधिकारी सुश्री निकिता का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को नशा मुक्त,स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।