महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, थाना सलूम्बर में किशोरियों का शैक्षणिक भ्रमण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
By Shubh Bhaskar ·
21 Jul 2026 ·
25 views
*महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, थाना सलूम्बर में किशोरियों का शैक्षणिक भ्रमण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
सलूम्बर,21 जुलाई।महिला अधिकारिता विभाग एवं विशाखा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, थाना सलूम्बर द्वारा 20 किशोरियों के लिए थाना भ्रमण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को पुलिस व्यवस्था, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान थानाधिकारी श्री मुकेश नागदा ने किशोरियों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस थाना की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं, पुलिस के दायित्वों तथा आमजन को उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों को कानून के प्रति जागरूक एवं सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारी श्री महेंद्र सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए महत्वपूर्ण कानूनों, विशेष रूप से घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम (Domestic Violence Act) एवं पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बालिकाओं को 'गुड टच-बैड टच', साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराध की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में विशाखा संस्था के कार्यकर्ता श्री रिंकू चौहान, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सामाजिक परामर्शदाता श्रीमती नेहा गोयल तथा विधिक परामर्शदाता भावना सुथार उपस्थित रहे। सभी ने किशोरियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने थाना भ्रमण के माध्यम से प्राप्त जानकारी को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास तथा कानूनी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
--0--