ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

भगवान जगन्नाथ माता जानकी के साथ परिणय सूत्र में बंधे, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी।

By Shubh Bhaskar · 20 Jul 2026 · 15 views
भगवान जगन्नाथ माता जानकी के साथ परिणय सूत्र में बंधे, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ कस्बे के ऐतिहासिक गंगाबाग स्थित श्री जगन्नाथ मेला महोत्सव में सोमवार देर शाम आयोजित जगन्नाथ-जानकी वरमाला महोत्सव श्रद्धा,आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। भगवान जगन्नाथ और माता जानकी के दिव्य विवाह उत्सव के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु मेला परिसर में उमड़ पड़े।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच श्री जगन्नाथ मंदिर के महंत पूर्णदास महाराज एवं एडवोकेट मदनमोहन शास्त्री ने भगवान जगन्नाथ और माता जानकी का विधिवत पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ को वृंदावन में निर्मित नवीन एवं आकर्षक शाही पोशाक धारण कराई गई तथा भगवान जगन्नाथ और माता जानकी ने एक-दूसरे को 11 फीट लंबी भव्य वरमाला पहनाई।
जैसे ही वरमाला की रस्म पूरी हुई, पूरा मेला परिसर "जय जगन्नाथ" और "जय जगदीश हरे" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए मनौतियां मांगी।
वरमाला महोत्सव के उपरांत गंगाबाग परिसर में वधू पक्ष की ओर से महंत प्रकाश दास महाराज के सान्निध्य में बारातियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मेले में लगी अस्थायी दुकानों पर देर रात तक खरीदारी का दौर चलता रहा। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की ओर से जगह-जगह प्रसाद, शीतल पेय और ठंडाई का वितरण किया गया। वर्षा के सुहावने मौसम के बीच महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र तिवारी, सचिव हरिओम गुप्ता, पंडित रोहित शर्मा, गायत्री शर्मा, मुकुल बड़ाया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube