शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन।
By Shubh Bhaskar ·
20 Jul 2026 ·
55 views
शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन।
तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग के स्थानांतरण सहित विभिन्न मांगों पर सरकार से कार्यवाही
की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने तृतीय श्रेणी शिक्षक संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों के समाधान के लिए चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण के तहत सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष मुकेश ईंटोली के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में तृतीय श्रेणी शिक्षकों, प्रबोधकों, तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के स्थानांतरण शीघ्र शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। संगठन का कहना है कि वर्ष 2018 के बाद से इस संवर्ग के स्थानांतरण नहीं किए गए हैं,जबकि अन्य शिक्षक संवर्गों में नियमित स्थानांतरण होते रहे हैं।
मुकेश ईंटोली ने बताया कि तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति की प्रक्रिया वर्षों से बाधित है। साथ ही शिक्षकों एवं कर्मचारियों के उपार्जित अवकाश,एरियर और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
संगठन ने वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर रीट परीक्षा उत्तीर्ण करने की बाध्यता समाप्त करने तथा "पे प्रोटेक्शन" के आधार पर की जा रही वसूली तत्काल बंद कर संबंधित आदेश वापस लेने की मांग भी रखी। इसके अलावा शिक्षा विभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू कर नए पद सृजित करने, रिक्त पदों को भरने और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र बजट जारी करने की मांग की गई।
जिला मंत्री मनीष चौधरी ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र शिक्षक संगठनों से वार्ता कर मांगों का समाधान नहीं करती है तो संगठन जयपुर में व्यापक एवं निर्णायक आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
इस दौरान जिला सभा अध्यक्ष यादवेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष महेश मीणा, केसरी सिंह, विश्वेंद्र चौधरी, सभा अध्यक्ष भागचंद बैरवा, महामंत्री जेपी शर्मा, दयाराम, मोहनलाल, धर्मचंद शर्मा, रमेश मीणा, हरिमोहन मीणा, भगवान सहाय मीणा, शिव कुमार मीणा, मदन लाल मीणा, विक्रम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।