ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में शिक्षकों के तबादलों का छात्रों ने किया विरोध, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

By Shubh Bhaskar · 20 Jul 2026 · 13 views
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में शिक्षकों के तबादलों का छात्रों ने किया विरोध, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाडीअलवर):-राजगढ़- राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने महाविद्यालय में हाल ही में हुए शिक्षकों एवं वरिष्ठ सहायक के स्थानांतरण का विरोध करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री,राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपखंड अधिकारी राजगढ़ के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में लगभग 5500 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि स्वीकृत 56 व्याख्याताओं के पदों के विरुद्ध वर्तमान में केवल 39 व्याख्याता कार्यरत हैं। इनमें से भी कई शिक्षकों पर अन्य महाविद्यालयों का अतिरिक्त कार्यभार है। ऐसे में हाल ही में किए गए स्थानांतरण से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए स्थानांतरित किए गए सभी शिक्षकों एवं वरिष्ठ सहायक का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही महाविद्यालय में रिक्त पदों पर पर्याप्त शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति की जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि महाविद्यालय की 87 लैबों में से वर्तमान में केवल 52 लैब संचालित हैं। सभी प्रयोगशालाओं के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ एवं संसाधन उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। ज्ञापन पर महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों के हस्ताक्षर भी किए गए।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube