ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

भैरुघाटी–बल्लूपुरा–नांगल मार्ग बना ग्रामीणों की मुसीबत जलभराव और कीचड़ से रोजाना जोखिम भरा सफर, ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग।

By Shubh Bhaskar · 20 Jul 2026 · 6 views
भैरुघाटी–बल्लूपुरा–नांगल मार्ग बना ग्रामीणों की मुसीबत
जलभराव और कीचड़ से रोजाना जोखिम भरा सफर, ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के भैरुघाटी,बल्लूपुरा और नांगल गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क सड़क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। हाल ही में हुई बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा होने से आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। सड़क की जर्जर हालत के चलते स्कूली बच्चों,किसानों,दुपहिया वाहन चालकों और आम ग्रामीणों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े,जूते और किताबें तक खराब हो जाती हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है,लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बरसात शुरू होते ही यह सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए,ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
*जनता का सवाल*
भैरुघाटी–बल्लूपुरा–नांगल मार्ग हजारों ग्रामीणों,किसानों और स्कूली बच्चों की जीवनरेखा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इसकी मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कब होगी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा?

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube