15 अगस्त से 15 नवंबर के बीच हो सकते हैं राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव।
By Shubh Bhaskar ·
20 Jul 2026 ·
7 views
15 अगस्त से 15 नवंबर के बीच हो सकते हैं राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान में लंबे समय से लंबित पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में उच्च स्तरीय मंथन के बाद चुनाव प्रक्रिया से संबंधित रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंजूरी मिलने के बाद यह रिपोर्ट सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट में पेश की जाएगी।
शनिवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, राज्य निर्वाचन आयोग और अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक) आयोग के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन तथा पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुनाव कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की।
बताया जा रहा है कि बैठक में ओबीसी आयोग को 31 जुलाई तक सर्वे पूरा करने और ०5 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर लगभग 10 दिनों में आरक्षण निर्धारण एवं लॉटरी की प्रक्रिया पूरी कर अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) तथा महिला वर्ग के लिए आरक्षित वार्डों की सूची राज्य निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि पंचायत और निकाय चुनावों में हो रही देरी पर राजस्थान हाईकोर्ट ने हाल ही में नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार को अवमानना कार्यवाही तक की चेतावनी दी थी। इसी क्रम में सोमवार को हाईकोर्ट में ओबीसी सर्वे, आरक्षण लॉटरी और चुनाव कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, यदि पूरी प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो जाती है तो राजस्थान में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव 15 अगस्त से 15 नवंबर 2026 के बीच कराए जा सकते हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।