उकेरी बालिका स्कूल में ग्रामीणों ने जड़ा ताला, शिक्षकों की कमी पर फूटा आक्रोश।
By Shubh Bhaskar ·
20 Jul 2026 ·
8 views
उकेरी बालिका स्कूल में ग्रामीणों ने जड़ा ताला, शिक्षकों की कमी पर फूटा आक्रोश।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-रैणी- अलवर जिले की रैणी तहसील की नई ग्राम पंचायत उकेरी स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अपने बच्चों को भी स्कूल से वापस घर भेज दिया और चेतावनी दी कि जब तक रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी, तब तक विद्यालय का ताला नहीं खोला जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" जैसे सरकारी अभियान के बावजूद कक्षा 12 तक संचालित इस बालिका विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। विद्यालय में स्वीकृत 18 पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल प्रधानाचार्य सहित पांच शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें तीन महिला शिक्षक, एक पुरुष शिक्षक और प्रधानाचार्य शामिल हैं, जबकि 13 पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी और एल-2 (L2) जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। हाल ही में विज्ञान विषय के एक शिक्षक का भी स्थानांतरण कर दिया गया, जिससे छात्राओं की पढ़ाई और अधिक प्रभावित हो गई है।
विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को लिखित ज्ञापन दिए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय विधायक और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी समस्या से अवगत कराया गया, इसके बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वे छात्राओं के साथ तहसील एवं जिला मुख्यालय पर भी आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि छात्राओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।