नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर डॉ. सुरेश चंद शर्मा का संदेश, मंडेला वह रोशनी थे जिन्होंने अंधेरे में भी उम्मीद का दिया जलाए रखा : *डॉ. सुरेश चंद शर्मा*
By Shubh Bhaskar ·
19 Jul 2026 ·
15 views
नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर डॉ. सुरेश चंद शर्मा का संदेश,
मंडेला वह रोशनी थे जिन्होंने अंधेरे में भी उम्मीद का दिया जलाए रखा : *डॉ. सुरेश चंद शर्मा*
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. सुरेश चंद शर्मा ने महान नेता नेल्सन मंडेला के जीवन और उनके संघर्ष को याद करते हुए कहा कि मंडेला ऐसी प्रेरणादायक शख्सियत थे जिन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी शांति, समानता और मानवता का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2009 में प्रत्येक वर्ष 18 जुलाई को नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिवस शांति, स्वतंत्रता, समानता और मानवाधिकारों के लिए मंडेला के अतुलनीय योगदान को समर्पित है।
*डॉ. शर्मा* ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ मंडेला का संघर्ष पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है। 27 वर्ष तक कारावास में रहने के बावजूद उन्होंने रिहाई के बाद प्रतिशोध का मार्ग नहीं अपनाया, बल्कि मेल-मिलाप, लोकतंत्र और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया। उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा और मानवता के विचारों को आगे बढ़ाया तथा वैश्विक स्तर पर शांति और समानता का संदेश दिया। उनके योगदान के सम्मान में भारत सरकार ने उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया।
*डॉ. शर्मा* ने कहा कि नेल्सन मंडेला का जीवन हमें सिखाता है कि नफरत नहीं, बल्कि बड़ा दिल और गहरी समझ ही समाज की दीवारों को गिरा सकती है। उन्होंने मंडेला के प्रसिद्ध विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि "शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिससे दुनिया को बदला जा सकता है।" साथ ही क्षमा की भावना घावों को भरने, मतभेद मिटाने और समाज को नई दिशा देने की शक्ति रखती है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे नेल्सन मंडेला के जन्मदिवस पर शांति, समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लें तथा समाज में सद्भाव और सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपना योगदान दें।