ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

*सलूंबर को बड़ी सौगात: हाड़ारानी पैनोरमा निर्माण के लिए नि:शुल्क भूमि आवंटन को राज्य सरकार की मंजूरी*

By Shubh Bhaskar · 19 Jul 2026 · 84 views
*सलूंबर को बड़ी सौगात: हाड़ारानी पैनोरमा निर्माण के लिए नि:शुल्क भूमि आवंटन को राज्य सरकार की मंजूरी*

*वीरांगना हाड़ारानी की गौरवगाथा को मिलेगा नया आयाम, सलूंबर में बनेगा भव्य पैनोरमा*

सलूंबर, 19 जुलाई। मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के तहत सलूंबर जिले को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में वीरांगना हाड़ारानी पैनोरमा के निर्माण के लिए 6634 वर्गमीटर भूमि के नि:शुल्क आवंटन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह निर्णय जिले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर परिषद सलूंबर के प्रस्ताव एवं तकनीकी परीक्षण के उपरांत राजस्व ग्राम लकापा के खसरा संख्या 290 में से 6634 वर्गमीटर भूमि पैनोरमा निर्माण के लिए आवंटित की गई है। विभाग ने योजना के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं, पहुंच मार्ग तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

हाड़ारानी पैनोरमा के निर्माण से वीरांगना हाड़ारानी के अद्वितीय शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को आधुनिक तकनीक एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। यह पैनोरमा प्रदेश सहित देशभर से आने वाले पर्यटकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के लिए इतिहास और संस्कृति का प्रमुख आकर्षण बनेगा।

इस परियोजना से सलूंबर जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास को मजबूती मिलेगी। साथ ही मेवाड़ की गौरवशाली विरासत और वीरांगना हाड़ारानी के अद्वितीय योगदान को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्य सरकार का यह निर्णय मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

--0--

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube