वीरांगनाओं का सम्मान और देश सेवा का संकल्प: पीपाड़ में पूर्व सैनिक सेवा परिषद का शुभारंभ
By Shubh Bhaskar ·
18 Jul 2026 ·
18 views
वीरांगनाओं का सम्मान और देश सेवा का संकल्प: पीपाड़ में पूर्व सैनिक सेवा परिषद का शुभारंभ
पीपाड़ शहर में वेटरन्स वेलफेयर सोसायटी व पूर्व सैनिक परिषद इकाई का शुभारंभ वीरांगनाओं का हुआ सम्मान
पीपाड़ शहर। शहर के रेखा गार्डन में वेटरन्स वेलफेयर सोसायटी एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद इकाई पीपाड़ शहर का समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी के नवनियुक्त अध्यक्ष कैप्टन ओमप्रकाश माली ने की।समारोह के मुख्य अतिथि विशिष्ट सेवा मेडल प्राप्त सेवानिवृत्त मेजर जनरल एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष नरपतसिंह राजपुरोहित थे। पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल राजपुरोहित ने कहा, "सेवानिवृत्ति के बाद भी हम सबका एक ही धर्म है—देश सेवा। पूर्व सैनिकों के संगठन का मुख्य उद्देश्य हमेशा वीरांगनाओं और शहीद परिवारों को हर संभव सहयोग प्रदान करना है।"समारोह के दौरान मुख्य अतिथि मेजर जनरल राजपुरोहित द्वारा वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। इसके तहत नैणों की ढाणी निवासी शहीद दिलखुश नैण की धर्मपत्नी शारदा नैण को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।परिषद के सचिव सईद खान ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व उनके परिवारों के हितों की रक्षा करना और जनकल्याणकारी कार्यों में भागीदारी निभाना ही संगठन का मुख्य लक्ष्य है। इसके साथ ही किसी भी राष्ट्रीय आपदा के समय सिविल प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन महेंद्रसिंह कच्छावाह, थानाधिकारी सीताराम खोजा, सीबीईओ नरेंद्रसिंह, कर्नल धन्नाराम रूदिया, कर्नल गिरधारी गोस्वामी, फ्लाइंग ऑफिसर व संगठन मंत्री एनएस जोधा, कर्नल मिथुन जारकर और सीपीओ जबरसिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष कैप्टन ओमप्रकाश माली ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।