10 अगस्त तक करें कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग, किसानों को मिलेगा अनुदान
By Shubh Bhaskar ·
18 Jul 2026 ·
17 views
10 अगस्त तक करें कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग, किसानों को मिलेगा अनुदान
एसएमएएम व सीआरएम योजनाओं के तहत आधुनिक कृषि यंत्रों और कस्टम हायरिंग सेंटर पर मिलेगी सब्सिडी
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, जिले के किसानों के लिए कृषि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक किसान 10 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
उप कृषि निदेशक श्याम नारायण राम ने बताया कि विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर 16 जुलाई से ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ हो चुकी है। किसान स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एसएमएएम योजना के तहत रोटावेटर, कल्टीवेटर, हैरो, पावर टिलर, पावर वीडर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर, किसान ड्रोन, कंबाइन हार्वेस्टर सहित कई आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण उद्यमियों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर एवं फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना की सुविधा भी उपलब्ध है।
सीआरएम योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों जैसे बेलर, सुपर सीडर, स्ट्रॉ-रेक, जीरो टिल सीड ड्रिल, रीपर बाइंडर, रोटरी स्लेशर एवं अन्य उपकरणों पर भी अनुदान मिलेगा। साथ ही कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लिए भी सहायता प्रदान की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। तकनीकी सहायता के लिए किसान अपने विकास खंड के कृषि अधिकारियों या निकटतम जनसेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।