अलवर कृषि उपज मंडी में सुरक्षा ठेके को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप, ठेका अवधि बढ़ाने पर उठे सवाल।
By Shubh Bhaskar ·
18 Jul 2026 ·
11 views
अलवर कृषि उपज मंडी में सुरक्षा ठेके को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप, ठेका अवधि बढ़ाने पर उठे सवाल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर कृषि उपज मंडी समिति द्वारा सुरक्षा एवं सफाई कर्मियों का वर्तमान ठेका 31 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है। इस बीच सुरक्षा ठेके को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि पिछले दो वर्षों से मंडी समिति सुरक्षा का ठेका अपने परिचित ठेकेदार को दे रही है और ठेके की शर्तों का पालन नहीं कराया जा रहा।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि ठेके के अनुसार कृषि उपज मंडी परिसर में 30 तथा फल-सब्जी मंडी में 10, यानी कुल 40 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अनिवार्य है। जबकि कई बार मौके पर गिनती करने पर केवल 18 से 20 सुरक्षा कर्मी ही कार्यरत मिले। आरोप है कि इस संबंध में कई बार मंडी सचिव को शिकायत दी गई,लेकिन न तो कर्मचारियों का सत्यापन कराया गया और न ही 40 सुरक्षा कर्मियों की सूची उपलब्ध कराई गई।
यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ सुरक्षा कर्मी बिना निर्धारित ड्रेस के कार्य कर रहे हैं तथा लगभग 75 वर्ष आयु के वृद्ध सुरक्षा कर्मियों से भी ड्यूटी कराई जा रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ठेका शर्तों के अनुसार ०8 घंटे की ड्यूटी निर्धारित है, लेकिन कर्मियों से 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है और भुगतान ०8 घंटे के अनुसार किया जा रहा है, जिससे श्रमिकों का शोषण हो रहा है।
आरोप है कि वर्ष 2025-26 के लिए सुरक्षा ठेका लगभग 4.70 लाख रुपये प्रतिमाह की दर से दिया गया था। अब जबकि 31 जुलाई को ठेका समाप्त हो रहा है, सफाई ठेके की नई निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन सुरक्षा ठेके की नई निविदा जारी नहीं की गई। इसके बजाय पुराने ठेकेदार की अवधि तीन से चार माह बढ़ाने की चर्चा है, जिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंडी समिति को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं किए गए और फिर भी हर माह पूरा भुगतान किया गया, तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।