33/11 केवी विद्युत सब ग्रिड स्टेशन में उगी घास से कर्मचारियों की बढ़ी चिंता, सुरक्षा इंतजाम की मांग।
By Shubh Bhaskar ·
18 Jul 2026 ·
16 views
33/11 केवी विद्युत सब ग्रिड स्टेशन में उगी घास से कर्मचारियों की बढ़ी चिंता, सुरक्षा इंतजाम की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- माचाड़ी- प्राचीन काल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे में स्थित 33/11 केवी विद्युत सब ग्रिड स्टेशन की चारदीवारी के भीतर बड़ी मात्रा में घास-फूस उग आने से कर्मचारियों के सामने सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि घनी झाड़ियों के कारण सांप, गोह, नेवला सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता है।
रात्रिकालीन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि बिजली कटौती अथवा लाइन में फॉल्ट आने पर पूरे यार्ड में अंधेरा छा जाता है। ऐसे समय में फॉल्ट ठीक करने या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यार्ड में जाना पड़ता है, लेकिन घनी घास के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। इससे कर्मचारियों को हर समय दुर्घटना की आशंका सताती रहती है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि किसी कर्मचारी के साथ कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी ? उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सब ग्रिड स्टेशन परिसर में उगी घास-फूस को जल्द से जल्द साफ कराया जाए तथा रात्रि ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने इस भरी गर्मी में विधुत कटौती से निजात दिलवाए जाने की अधिकारियों मांग की है।