लोक संगीत संध्या में गूंजेगी राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति।
By Shubh Bhaskar ·
17 Jul 2026 ·
46 views
लोक संगीत संध्या में गूंजेगी राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ भगवान श्री जगन्नाथ जी के मेले के पावन अवसर पर राजस्थान की समृद्ध लोक कला और संस्कृति को समर्पित भव्य लोक संगीत संध्या का आयोजन 18 जुलाई 2026, शनिवार को सायं ०7 बजे पंचायती पुस्तकालय सभागार, रंगमंच राजगढ़ (अलवर) में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर के तत्वावधान में पंचायती पुस्तकालय एवं कला संगम तथा नगर पालिका राजगढ़ के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
इस सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के ख्यातिप्राप्त लोक कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। कार्यक्रम में जोधपुर के लोक कलाकार सुरजनाथ कालबेलिया नृत्य एवं लोक गायन प्रस्तुत करेंगे। वहीं अजमेर की लोक कलाकार राधा घूमर, चरी एवं भवाई नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी। अलवर के प्रसिद्ध कलाकार मेहमूद खां एवं यूसुफ खां अपने पारंपरिक भपंग वादन से कार्यक्रम में विशेष रंग भरेंगे।
कार्यक्रम के *अध्यक्ष एडवोकेट भूपेन्द्र शर्मा* ने श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष व अन्य संगठनों के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी को बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की।
कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि लोक संगीत संध्या में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा तथा सभी नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए पंचायती पुस्तकालय एवं कला संगम परिवार तथा नगर पालिका राजगढ़ द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।