गरुड़रूपी रथ पर सवार होकर माता जानकी से विवाह रचाने निकले भगवान जगन्नाथ, रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब।
By Shubh Bhaskar ·
17 Jul 2026 ·
32 views
गरुड़रूपी रथ पर सवार होकर माता जानकी से विवाह रचाने निकले भगवान जगन्नाथ, रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ कस्बे में भगवान श्री जगन्नाथ जी महाराज की ऐतिहासिक रथयात्रा गुरुवार को श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई।चौपड़ बाजार स्थित श्री जगदीश जी मंदिर से भगवान जगन्नाथ जी गरुड़रूपी रथ पर सवार होकर सैकड़ों बारातियों के साथ माता जानकी से विवाह रचाने के लिए गंगाबाग स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। *रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा*।
रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ जी का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। परंपरागत विधि-विधान से रथ पूजन एवं संध्या आरती के बाद भगवान को ऐतिहासिक गरुड़रूपी रथ पर विराजमान कराया गया। यात्रा प्रारंभ होने से पहले पुलिस बल ने भगवान जगन्नाथ जी को सशस्त्र सलामी देकर सम्मान अर्पित किया। इससे पूर्व सुबह वैवाहिक परंपरा के अनुसार भगवान को कंगन-डोरा बांधने एवं दोज पूजन की रस्म भी संपन्न हुई।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सीमा मीना,पुलिस उपाधीक्षक,नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी जगदीश खीचड़,थानाधिकारी, विधायक मांगेलाल मीणा, खेमसिंह आर्य,संजय राजस्थानी,श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष व अन्य संगठनों के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा मेला कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रसाद तिवाड़ी,सचिव हरिओम गुप्ता, उपाध्यक्ष कन्हैया लखेरा, गायत्री देवी,पंडित रोहित शर्मा,विश्वास मित्तल,बसंत गुप्ता सहित मेला कमेटी के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत*
हरे कृष्णा-हरे राम सत्संग भजन मंडली, बैण्ड-बाजों और धार्मिक जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने रथ को खींचते हुए यात्रा को आगे बढ़ाया। रथ के आगे भगवान मदनमोहन जी महाराज एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही थीं। श्रद्धालुओं ने रथ के नीचे से निकलकर अपनी मनोकामनाएं मांगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल,ठंडाई,शरबत,मीठे पानी की प्याऊ,जलेबी,पकौड़ी और कचौरी की व्यवस्था की गई। रथयात्रा चौपड़ बाजार, कांकवाड़ी बाजार,गोल सर्किल,सराय बाजार,उपखंड कार्यालय और बांदीकुई चौराहा होते हुए देर रात गंगाबाग पहुंची।
*वृंदावन की शाही पोशाक में सजे भगवान*
महंत पूरणदास एवं पंडित मदनमोहन शास्त्री ने बताया कि भगवान जगन्नाथ जी को वृंदावन की शाही पोशाक पहनाई गई। साथ ही कोलकाता एवं सऊदी अरब के विशेष इत्र तथा जयपुर के मोगरे की सुगंधित मालाओं से उनका दिव्य श्रृंगार किया गया। भगवान के दूल्हा स्वरूप के दर्शन के लिए राजगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे।
*पट्टेबाजी के हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र*
रथयात्रा के दौरान वाल्मीकि बस्ती के शक्ति दल द्वारा तलवार, लाठी, पट्टेबाजी और चक्र संचालन के रोमांचक करतब प्रस्तुत किए गए। कलाकारों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। करतब देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित रहे। वहीं अनेक श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना के साथ चौपड़ बाजार स्थित मंदिर से गंगाबाग तक दंडवत यात्रा करते हुए पहुंचे।
गंगाबाग में हुआ भव्य स्वागत
देर रात गंगाबाग पहुंचने पर वधू पक्ष की ओर से ठिकाना गंगाबाग के महंत प्रकाश दास महाराज एवं उनके उत्तराधिकारी उमाशंकर दास उर्फ गुड्डू महाराज ने पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ जी की अगवानी की। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।