ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

बदबू और गंदगी से बेहाल हीरानगर वासी, सीवरेज समस्या पर त्वरित कार्यवाही की मांग।

By Shubh Bhaskar · 16 Jul 2026 · 42 views
बदबू और गंदगी से बेहाल हीरानगर वासी, सीवरेज समस्या पर त्वरित कार्यवाही की मांग।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-जयपुर- राजधानी जयपुर के हीरानगर (डीसीएम क्षेत्र) में पिछले लगभग 25 दिनों से सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर बहने से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सड़कों पर फैले गंदे पानी से लगातार दुर्गंध फैल रही है, सड़कें क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र के समीप एक अस्पताल और मंदिर स्थित हैं। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय स्वर्ण दल पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े डॉ. सुरेश चंद शर्मा ने बताया कि वे पिछले 25 दिनों से इस समस्या को लेकर नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, जयपुर नगर निगम, स्वायत्त शासन विभाग,संबंधित अधिकारियों तथा मंत्री, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर लगातार शिकायत दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों व मंत्री की उदासीनता के कारण आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
*डॉ. शर्मा* ने कहा कि नागरिक नियमित रूप से कर (टैक्स) का भुगतान करते हैं, इसलिए उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से सीवरेज लाइन की तत्काल मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने की मांग की।
उन्होंने प्रधानमंत्री से भी आग्रह किया कि स्वच्छ भारत अभियान की भावना के अनुरूप जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों की निष्क्रियता से स्वच्छ भारत अभियान की भावना भी प्रभावित हो रही है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube