राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर 75 दिवसीय निःशुल्क जल सेवा का भव्य समापन।
By Shubh Bhaskar ·
16 Jul 2026 ·
31 views
राजगढ़ रेलवे स्टेशन पर 75 दिवसीय निःशुल्क जल सेवा का भव्य समापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- सर्व समाज हैल्प टीम समिति, राजगढ़ द्वारा भीषण गर्मी के दौरान आमजन और रेल यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से राजगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर संचालित 75 दिवसीय निःशुल्क जल सेवा (प्याऊ) का गुरुवार को भव्य समापन किया गया। इस दौरान समिति ने सेवा में योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान भी किया।
समिति द्वारा मई माह में शुरू की गई इस जनसेवा के माध्यम से लगातार ढाई माह तक प्रतिदिन हजारों रेल यात्रियों, राहगीरों एवं रेलवे कर्मचारियों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। गर्मी के भीषण प्रकोप के बीच यह प्याऊ यात्रियों के लिए राहत का बड़ा केंद्र बनी रही।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 75 दिनों तक राजगढ़ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों समाजसेवी और स्वयंसेवक सुबह से लेकर देर शाम तक पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ यात्रियों को ठंडा पानी पिलाने में जुटे रहे।
समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों एवं आमजन को शीतल जल पिलाया गया। यात्रियों ने समिति की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए पूरी टीम एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सर्व समाज हैल्प टीम समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस 75 दिवसीय सेवा यज्ञ को सफल बनाने में स्थानीय नागरिकों, रेलवे प्रशासन और समर्पित समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति ने भविष्य में भी समाजहित एवं जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में जल सेवा में सुबह से शाम तक अपनी सेवाएं देने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवी सहयोगकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान कर निःशुल्क जल सेवा (प्याऊ) का विधिवत समापन किया गया।