बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लोन दिलाने के नाम पर लाखों की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार
By Shubh Bhaskar ·
15 Jul 2026 ·
14 views
बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लोन दिलाने के नाम पर लाखों की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 15 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन Cy-Vajra' के तहत बलरामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड की छायाप्रति और फर्जी बैंक आईडी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी साइबर क्राइम) विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली उतरौला और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित नाथ और संगम नाथ, निवासी थाना कोतवाली उतरौला, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध बीएनएस एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा गया ।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायत में एक पीड़ित ने लोन दिलाने के नाम पर करीब 4.78 लाख रुपये की साइबर ठगी की सूचना दी थी। जांच में पता चला कि ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर उतरौला स्थित एटीएम से निकाली गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग राज्यों में बाबा बनकर घूमते थे और लोगों की आर्थिक समस्याओं की जानकारी हासिल करते थे। जरूरतमंद लोगों को बैंक अधिकारी या बैंक मैनेजर बनकर फोन किया जाता था और प्रोसेसिंग फीस व अन्य शुल्क के नाम पर ऑनलाइन पैसे मंगवाए जाते थे। इसके बाद रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से निकाल ली जाती थी। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी फर्जी बैंक आईडी और फर्जी पहचान पत्र का भी इस्तेमाल करते थे।
बरामदगी
- 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
- फर्जी आधार कार्ड की एक छायाप्रति
- फर्जी बैंक आईडी
पुलिस की अपील
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर लोन, नौकरी या अन्य सेवाओं के नाम पर ऑनलाइन भुगतान न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या निकटतम साइबर थाना/साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराए