बलरामपुर के सभी सीएचसी पर बनेंगे मातृ एवं शिशु कल्याण कॉल सेंटर, जल्द जारी होंगे हेल्पलाइन नंबर
By Shubh Bhaskar ·
15 Jul 2026 ·
11 views
बलरामपुर के सभी सीएचसी पर बनेंगे मातृ एवं शिशु कल्याण कॉल सेंटर, जल्द जारी होंगे हेल्पलाइन नंबर
सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी की पहल, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को फोन पर मिलेगी स्वास्थ्य संबंधी सलाह और सहायता
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 15 जुलाई।
जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मातृ एवं शिशु कल्याण कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन कॉल सेंटरों के हेल्पलाइन नंबर भी जल्द जारी किए जाएंगे, जिससे गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और नवजात शिशुओं के परिजनों को प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, नवजात की देखभाल, स्तनपान, परिवार नियोजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में परामर्श और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही लाभार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सीएचसी स्तर पर संचालित होने वाला कॉल सेंटर लाभार्थियों से नियमित संपर्क बनाए रखेगा, जिससे कोई भी गर्भवती महिला या नवजात आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इसके माध्यम से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को कॉल सेंटर की स्थापना और संचालन की तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर जारी होने के बाद व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।