राजगढ़ में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, तैयारियां पूरी।
By Shubh Bhaskar ·
15 Jul 2026 ·
12 views
राजगढ़ में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, तैयारियां पूरी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर 15 दिनों के एकांतवास (अनवसर) के बाद बुधवार को भगवान श्री जगन्नाथ के गर्भगृह के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। भगवान का विशेष श्रृंगार एवं नेत्रोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
श्री जगन्नाथ मंदिर के महंत पूर्ण दास, पंडित एडवोकेट मदन मोहन शास्त्री एवं पंडित रोहित शर्मा ने श्रमजीवी व वाइस आफॅं मिडिया पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष और अनेक संगठनों के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी को बताया कि सायं 6:30 बजे माता जानकी की सवारी गंगाबाग स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंची,जहां मेला समिति एवं महेंद्र परिवार के सान्निध्य में गणेश पूजन और मंदिर पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद माता जानकी की सवारी पुनः मंदिर लौट आई।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 9:30 बजे भगवान का दूज पूजन, गोलक पूजन तथा दूल्हे के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया जाएगा। भगवान को इंदौर से मंगाया गया विशेष कलावा एवं कंगन धारण कराया जाएगा तथा हल्दी की रस्म भी निभाई जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु महिलाएं मंगलगीत गाकर भगवान को रिझाएंगी।
सायंकाल 6:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गरुड़ रूपी रथ का पूजन होगा तथा शाम 7:30 बजे महाआरती के पश्चात भगवान श्री जगन्नाथ गरुड़ रथ पर विराजमान होंगे। सशस्त्र गार्ड ऑफ ऑनर के साथ रथ यात्रा का शुभारंभ होगा। रथ के अग्रभाग में मदन मोहन जी महाराज की सवारी चलेगी। बजरंग सेवा दल की भगवा रैली, कलाकारों द्वारा हैरतअंगेज प्रदर्शन,हरे रामा-हरे कृष्णा सत्संग मंडली,राधा-कृष्ण एवं सीताराम दरबार की आकर्षक झांकियां रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
रथ यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। मार्ग में पड़ने वाले मंदिरों पर भगवान श्री जगन्नाथ की महाआरती की जाएगी। पूरे राजगढ़ शहर में "जय जगन्नाथ" के उद्घोष, घंटों और घड़ियालों की मधुर ध्वनि से भक्तिमय वातावरण रहेगा। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल होंगे।
मेला समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद तिवारी एडवोकेट एवं सचिव हरिओम भूखमरिया ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन द्वारा रथ यात्रा एवं मेले की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ एवं माता जानकी का वरमाला एवं कन्यादान महोत्सव आयोजित होगा। इस अवसर के लिए भगवान की विशेष वरमाला दिल्ली से मंगाई गई है, वहीं भगवान श्री जगन्नाथ के श्रृंगार में दुबई से मंगाए गए विशेष इत्र का उपयोग किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।