शराब के नशे में युवक ने पिया तेजाब, जिला अस्पताल में उपचार जारी।
By Shubh Bhaskar ·
14 Jul 2026 ·
11 views
शराब के नशे में युवक ने पिया तेजाब, जिला अस्पताल में उपचार जारी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के डेयरी गांव में एक युवक द्वारा तेजाब पीने का मामला सामने आया है। तेजाब पीने के बाद युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार युवक पिछले चार-पांच दिनों से लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। सोमवार देर शाम उसने पहले शराब पी और करीब एक घंटे बाद घर में रखा तेजाब पी लिया। तेजाब पीते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल युवक द्वारा तेजाब पीने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।