मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी/मौलवी व आलिम कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 के लिए आवेदन 30 जुलाई तक
By Shubh Bhaskar ·
09 Jul 2026 ·
72 views
मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी/मौलवी व आलिम कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 के लिए आवेदन 30 जुलाई तक
अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन, ट्रेजरी चालान जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ के निर्देशानुसार मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) एवं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा-2026 में अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित परीक्षार्थियों के लिए कम्पार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन संबंधित मदरसों के माध्यम से 30 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए संस्थागत एवं व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। मुंशी/मौलवी संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए प्रति विषय 200 रुपये तथा व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये शुल्क तय किया गया है। वहीं, आलिम संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए प्रति विषय 250 रुपये और व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित शुल्क ट्रेजरी चालान के माध्यम से जमा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेजरी चालान जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026, संबंधित मदरसों द्वारा पूर्ण आवेदन पत्र जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 तथा जिला स्तर से आवेदन अग्रसारित/लॉक करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क से कम शुल्क जमा करने, आवेदन अपूर्ण होने अथवा अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। सभी आवेदन संबंधित मदरसे में ही जमा होंगे, जिन्हें मदरसा प्रबंधन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अग्रसारित करेगा।
उन्होंने बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा केवल लिखित होगी और इसमें केवल वही अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे जो अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे हैं। परीक्षा की तिथि एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश बाद में अलग से जारी किए जाएंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी मदरसा प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से पात्र विद्यार्थियों का समय पर आवेदन सुनिश्चित कराने की अपील करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए, ताकि किसी भी छात्र-छात्रा को असुविधा का सामना न करना पड़े।