समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा धन्यवाद पत्र
By Shubh Bhaskar ·
09 Jul 2026 ·
76 views
समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा धन्यवाद पत्र
बलरामपुर में हुए विकास कार्यों की सराहना, लंबित परियोजनाएं जल्द पूरी कराने की रखी मांग
पत्र में विकास कार्यों के लिए जताया आभार, भविष्य की अपेक्षाओं का भी किया उल्लेख
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। समाजसेवी एवं अधिवक्ता युगल किशोर शुक्ल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जनपद बलरामपुर एवं क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपने पत्र में मेडिकल कॉलेज, श्री मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, रिंग रोड सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों से जिले और आसपास के क्षेत्रों को व्यापक लाभ मिला है।
पत्र में उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय एवं आयुर्विज्ञान संस्थान (मेडिकल कॉलेज) की स्थापना से बलरामपुर और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं। वहीं श्री मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने रिंग रोड निर्माण को भी जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम हुआ है और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
युगल किशोर शुक्ल ने पत्र में तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग पर झीन्ने नाला डिप पर पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग बताया। इसके अलावा कोडरी से मथुरा बाजार होते हुए प्रानपुर और चौधरीडीह तक सड़क निर्माण का उल्लेख करते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने की अपेक्षा भी जताई।
उन्होंने मुख्यमंत्री से हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग पर लौकहवा डिप पर पुल निर्माण कार्य शुरू कराने तथा हर्रैया सतघरवा विकास खंड के शिवपुरा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को शीघ्र चालू कराने की भी मांग की।
पत्र के अंत में युगल किशोर शुक्ल ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना समर्थन और विश्वास व्यक्त करते हुए भविष्य को लेकर अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक अभिलाषा का भी उल्लेख किया। उन्होंने आशा जताई कि क्षेत्र का विकास इसी प्रकार आगे भी जारी रहेगा।