सरिस्का टाइगर रिजर्व के पास रिसोर्ट निर्माण मामला एनजीटी पहुंचा, जांच समिति गठित।
By Shubh Bhaskar ·
08 Jul 2026 ·
44 views
सरिस्का टाइगर रिजर्व के पास रिसोर्ट निर्माण मामला एनजीटी पहुंचा, जांच समिति गठित।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- सरिस्का टाइगर रिजर्व के निकट एक निजी रिसोर्ट के निर्माण में कथित पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का मामला अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) पहुंच गया है। एनजीटी की सेंट्रल ज़ोन बेंच ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए हैं तथा स्थल निरीक्षण के लिए चार सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि सरिस्का टाइगर रिजर्व की सीमा के निकट स्थित निजी रिसोर्ट का निर्माण आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियों, वन्यजीव संबंधी अनुमति और अन्य वैधानिक मंजूरियों के बिना किया गया। साथ ही भूजल दोहन और भूमि उपयोग से जुड़े नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है।
एनजीटी ने गठित समिति में वन विभाग,अलवर जिला प्रशासन, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा केंद्रीय भूजल बोर्ड के प्रतिनिधियों को शामिल किया है। समिति को मौके का निरीक्षण कर छह सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इस समिति की नोडल एजेंसी बनाया गया है।
मामले की अगली सुनवाई सितंबर 2026 में निर्धारित की गई है। एनजीटी के इस कदम को सरिस्का क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के संवेदनशील आवास की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।