शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्यवाही, बस-ट्रैक्टर व कार जब्त।
By Shubh Bhaskar ·
07 Jul 2026 ·
19 views
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्यवाही, बस-ट्रैक्टर व कार जब्त।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- सड़क सुरक्षा को लेकर जयपुर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए वीकेआई क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिरोहीवाल के निर्देशन में रोड नंबर-12, सीकर रोड पर मोबाइल कोर्ट ने नाकाबंदी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की।
सहायक अभियोजन अधिकारी दिनेश लोहिया ने बताया कि अभियान के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान एक कार चालक ने पुलिस व कोर्ट की टीम को देखकर नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। कार को जब्त कर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही शुरू की गई।
जांच के दौरान एक बस और एक ट्रैक्टर के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। दोनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्यवाही करते हुए वाहन मौके पर ही जब्त कर लिए गए तथा कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
एपीओ दिनेश लोहिया ने कहा कि आमजन की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।