जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू ट्रोले ने छह लोगों को रौंदा, तीन बच्चों की मौत, एक लापता।
By Shubh Bhaskar ·
07 Jul 2026 ·
19 views
जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू ट्रोले ने छह लोगों को रौंदा, तीन बच्चों की मौत, एक लापता।
*
- जयपुर- राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाइपास पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रोले ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बच्चे के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार,तेज गति से आ रहा ट्रोला अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन पहले डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रैफिक कांस्टेबल मुन्नेलाल मीना ने बताया कि हादसे में तीन बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं एक बच्चा अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने ट्रोले को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सुचारु कराया। हादसे के कारण क्षेत्र में शोक का माहौल है।