काला कुआं सेटेलाइट हॉस्पिटल में 24 घंटे में दूसरी बार छत का प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा टला
By Shubh Bhaskar ·
07 Jul 2026 ·
12 views
काला कुआं सेटेलाइट हॉस्पिटल में 24 घंटे में दूसरी बार छत का प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा टला
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के काला कुआं स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल में महज 24 घंटे के भीतर दूसरी बार छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस बार अस्पताल के एक अन्य कमरे की छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरा बंद था और अंदर कोई मरीज या कर्मचारी मौजूद नहीं था। प्लास्टर गिरने के बाद जब अस्पताल स्टाफ ने कमरे का ताला खोलकर देखा तो छत का चूना और प्लास्टर जमीन पर बिखरा हुआ मिला।
गौरतलब है कि बीते 24 घंटे के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। यदि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग से भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने तथा जर्जर हिस्सों की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।