नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 212 वाहनों का चालान, ₹6.54 लाख का समन
By Shubh Bhaskar ·
06 Jul 2026 ·
22 views
नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 212 वाहनों का चालान, ₹6.54 लाख का समन
सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर, 6 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे एवं क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह की मौजूदगी में प्रभारी यातायात उमेश सिंह ने अपनी टीम के साथ विशेष यातायात अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले चालकों, फर्जी नंबर प्लेट, एचएसआरपी नंबर प्लेट के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
प्रभारी यातायात उमेश सिंह के साथ अशोक कुमार पांडे, संजय कुमार राय और राजाराम यादव सहित यातायात टीम ने वीर विनय चौराहा, फुलवरिया बाईपास एवं तुलसीपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 212 वाहनों का चालान करते हुए कुल ₹6,54,000 का समन जारी किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वैध एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।