रैणी के पाड़ा पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन की रही कमी, पूरे परिसर में दिखे केवल अधिकारी-कर्मचारी।
By Shubh Bhaskar ·
06 Jul 2026 ·
29 views
रैणी के पाड़ा पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन की रही कमी, पूरे परिसर में दिखे केवल अधिकारी-कर्मचारी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- रैणी- अलवर जिले के रैणी उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाड़ा मुख्यालय पर सोमवार ०6 जुलाई 2026 को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में अपेक्षित जनभागीदारी देखने को नहीं मिली। शिविर के दौरान पूरे परिसर में आमजन की उपस्थिति बेहद कम रही, जबकि अधिकांश स्थानों पर केवल अधिकारी और कर्मचारी ही मौजूद दिखाई दिए।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन कर रही है। इन शिविरों पर टेंट, पेयजल, नाश्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए सरकारी धन भी खर्च किया जाता है। ऐसे में यदि शिविरों में आमजन की भागीदारी नहीं हो, तो आयोजन की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जानकारी के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय तक शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश हैं, इसलिए वे पूरे समय अपनी ड्यूटी निभाते रहे। हालांकि, यदि लाभार्थी और ग्रामीण ही शिविर तक नहीं पहुंचें, तो जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पूरी तरह सफल होता दिखाई नहीं देता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार, पूर्व सूचना और लोगों को जागरूक करने की दिशा में और अधिक प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।