अलवर कालाकुआं सेटेलाइट हॉस्पिटल में बड़ा हादसा, छत का प्लास्टर और चलता पंखा गिरने से डॉक्टर व बालिका घायल।
By Shubh Bhaskar ·
06 Jul 2026 ·
31 views
अलवर कालाकुआं सेटेलाइट हॉस्पिटल में बड़ा हादसा, छत का प्लास्टर और चलता पंखा गिरने से डॉक्टर व बालिका घायल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर): अलवर- अलवर शहर के कालाकुआं स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। हॉस्पिटल के कक्ष संख्या ०7 की छत के लेंटर के नीचे का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। प्लास्टर के साथ छत पर लगा चलता हुआ पंखा भी नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर डॉक्टर सहित एक बालिका घायल हो गई।
घटना के समय कक्ष संख्या ०7 में डॉक्टर सीताराम मरीजों को देख रहे थे। अचानक छत से प्लास्टर टूटकर गिरा और उसके साथ पंखा भी नीचे आ गिरा। हादसे के बाद कमरे में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए कमरे से बाहर निकलने लगे।
घटना में डॉक्टर सीताराम और एक बालिका को चोटें आईं। दोनों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। हादसे के बाद अस्पताल की जर्जर भवन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से भवन की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।