ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक उपेक्षा से बदहाल बोडन कॉलोनी, नरेंद्र विहार फेज-०2 जलभराव, गंदगी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान लोग, पलायन की नौबत!

By Shubh Bhaskar · 06 Jul 2026 · 28 views
स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक उपेक्षा से बदहाल बोडन कॉलोनी, नरेंद्र विहार फेज-०2
जलभराव, गंदगी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान लोग, पलायन की नौबत!

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के जयपुर रोड स्थित बोडन कॉलोनी, नरेंद्र विहार फेज-०2 के निवासी स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण लंबे समय से बदहाल परिस्थितियों में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बरसात के दौरान मुख्य सड़क पर नाले का पटाव सड़क से नीचा होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाला वर्षा का पानी नाले की गंदगी के साथ सीधे कॉलोनी की गलियों में भर जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई महीनों तक जलभराव बना रहता है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों और जहरीले जीवों का प्रकोप बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी के बीच से होकर रोजाना आवागमन करना उनकी मजबूरी बन गया है। इससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कॉलोनी निवासी नरेश शर्मा, बिहारी सैनी और केशव प्रधान ने बताया कि खराब हालात के चलते एक व्यक्ति के पैर का अंगूठा गंभीर संक्रमण के कारण कटवाना पड़ा। वहीं, एक सेवानिवृत्त सैनिक अपनी पत्नी के लगातार बीमार रहने से परेशान होकर हाल ही में अपना मकान बेचकर क्षेत्र छोड़ चुका है। अन्य कई परिवार भी पलायन करने पर विचार कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में आज तक सड़क और नालियों जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित नहीं की गई हैं। उन्होंने बताया कि वे पार्षद, विधायक, सांसद और जिला कलेक्टर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
निवासियों का यह भी आरोप है कि पूर्व में स्थानीय राजनीतिक कारणों से क्षेत्र की उपेक्षा की गई, जबकि वर्तमान में भी क्षेत्र को पर्याप्त जनप्रतिनिधित्व नहीं मिलने के कारण नगर निगम और जिला प्रशासन ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां अन्य क्षेत्रों में बनी हुई सड़कों पर भी दोबारा सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, वहीं उनकी कॉलोनी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल निकासी, सड़क और नाली निर्माण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोगों का पलायन तेज हो सकता है। श्रमजीवी पत्रकार संघ तहसील उपाध्यक्ष व अन्य संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी समाजिक कार्यकर्ता व जलदाय विभाग से सेवा निवृत्त बाबू नरेश शर्मा द्वारा दी गई।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube