ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिलाओं की मौत, 12 घायल; तेज रफ्तार पर ड्राइवर को टोका था।
By Shubh Bhaskar ·
03 Jul 2026 ·
11 views
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिलाओं की मौत, 12 घायल; तेज रफ्तार पर ड्राइवर को टोका था।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- भरतपुर- भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के समय ट्रॉली में सवार महिलाएं खेतों में कृषि कार्य के लिए जा रही थीं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायल महिलाएं दर्द से कराहती रहीं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब ०8 बजे रायपुर गांव के निकट ट्रैक्टर के सामने अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। ट्रॉली में सवार करीब 15 महिलाएं उसके नीचे दब गईं।
हादसे में मिथलेश (45) पत्नी वीरेंद्र और धौरी (35) पत्नी दान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। धौरी ट्रैक्टर चालक दान सिंह की पत्नी थीं। 12 घायल महिलाओं को पहले वैर अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक महिला को मामूली चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मृतका मिथलेश के पति वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक दान सिंह तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। रास्ते में महिलाओं ने उसे कई बार ट्रैक्टर धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। उनका यह भी आरोप है कि हादसे के बाद चालक अपनी घायल पत्नी को लेकर तुरंत अस्पताल चला गया, जबकि अन्य घायल महिलाओं को मौके पर ही छोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. राघवेंद्र के अनुसार, दोनों मृतक महिलाओं के सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी कई पसलियां टूट गई थीं। सिर, हाथ और पैरों पर भी गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक अंदरूनी चोटों के कारण दोनों की मौत हो गई।
घायलों में मछला, आरती, मोहिनी, बर्फी, हरदेई, सत्तो, गुड्डी, नमकीन, सरोज, गोविंद, संतो और एक अन्य आरती का अस्पताल में उपचार जारी है।