2027 चुनाव से पहले बलरामपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर, सपा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान कांग्रेस में शामिल
By Shubh Bhaskar ·
03 Jul 2026 ·
11 views
2027 चुनाव से पहले बलरामपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर, सपा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान कांग्रेस में शामिल
उतरौला विधानसभा की सियासत में बढ़ी हलचल, सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थामा
सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बलरामपुर जिले की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम की जोरदार चर्चा है। वहीं, संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के बीच भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
उतरौला विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने अपने सैकड़ों समर्थकों, वरिष्ठ सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस कदम के बाद जिले की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।
हसीब खान अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरज गुर्जर तथा अमेठी से सांसद केएल शर्मा ने उनका स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई प्रदेश स्तरीय वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। हसीब खान के कांग्रेस में शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बदलाव का असर उतरौला विधानसभा सहित पूरे बलरामपुर जिले की राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है।