आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहयोगिनियों और संविदा नर्सेज के आंदोलन को एटक का समर्थन।
By Shubh Bhaskar ·
02 Jul 2026 ·
20 views
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहयोगिनियों और संविदा नर्सेज के आंदोलन को एटक का समर्थन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की अलवर जिला इकाई ने प्रदेशभर में आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं,सहयोगिनियों और संविदा नर्सिंग कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।
एटक के जिला अध्यक्ष राजकुमार बक्शी ने जारी बयान में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी और संविदा नर्सिंग कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय इन्हें सरकारी कर्मचारी बनाने के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देश की भावी पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं,जबकि सहयोगिनियां ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अहम योगदान देती हैं। वहीं संविदा नर्सिंग कर्मचारी चिकित्सा विभाग जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नियमित कर्मचारियों के समान कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल मानदेय दिया जाता है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो जाता है।
बक्शी ने कहा कि चिकित्सा विभाग में नियमित पद रिक्त होने के बावजूद सरकार स्थायी भर्ती नहीं कर रही है और वर्षों तक संविदा कर्मचारियों से सेवाएं लेकर उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक संविदा पर कार्य करने के कारण कई कर्मचारियों की आयु अन्य नौकरियों के लिए भी निकल जाती है, जबकि उनकी नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं होती।
उन्होंने हाल ही में जयपुर में संविदा नर्सिंग कर्मचारियों को हटाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार छिनने के सदमे में एक कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि संविदा कर्मचारियों को समय पर मानदेय तक नहीं मिल पाता, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है।
एटक ने राज्य सरकार से मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहयोगिनियों सहित सभी संविदा कर्मचारियों को शीघ्र नियमित कर उन्हें सरकारी सेवा का लाभ प्रदान किया जाए। ट्रेड यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह है जानकारी एटक के जिला महासचिव तेजपाल सैनी द्वारा दी गई।