राम मंदिर चढ़ावा मामले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार।
By Shubh Bhaskar ·
30 Jun 2026 ·
22 views
राम मंदिर चढ़ावा मामले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- नई दिल्ली- अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा गड़बड़ी मामले में दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को कोर्ट रजिस्ट्री में पत्र देकर मामले की शीघ्र सुनवाई का अनुरोध करने का निर्देश दिया।
अधिवक्ता अनूप अवस्थी की ओर से दायर याचिका में मामले की CBI जांच कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने अदालत में आशंका जताई कि यदि मामले की जल्द सुनवाई नहीं हुई तो इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से छेड़छाड़ की संभावना हो सकती है। इस पर न्यायालय ने कहा कि तत्काल सुनवाई की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए रजिस्ट्री को पत्र दिया जाए, जिस पर विचार किया जाएगा।
याचिका में केंद्र सरकार,उत्तर प्रदेश सरकार तथा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भक्तों एवं दानदाताओं के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि कथित अनियमितताओं के आरोपों ने श्रद्धालुओं के बीच चिंता उत्पन्न की है।
मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, अयोध्या बार एसोसिएशन ने बैठक कर निर्णय लिया है कि इस मामले के आरोपियों की पैरवी करने वाले किसी भी स्थानीय अधिवक्ता पर कार्यवाही की जाएगी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि वर्ष 2005 में राम जन्मभूमि परिसर पर हुए आतंकी हमले के बाद भी ऐसा ही निर्णय लिया गया था।
इस बीच, आलोक कुमार ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर राम जन्मभूमि आंदोलन को बदनाम करने का आरोप लगाया तथा अयोध्या के विकास को लेकर भी टिप्पणी की।